Saturday, April 10, 2010

सांसद लालू भारत बंद की तैयारी भी, ऐलान किया


(sansadji.com)

बिहार में सांसद लालू प्रसाद यादव, सासाराम की सांसद एवं लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, सांसद डा. भोला सिंह सुर्खियां बने तो मध्य प्रदेश में भाजपा सांसद राकेश सिंह के नेतृत्व में तोड़फोड़ पर हाईकोर्ट ने जवाब तलब कर लिया है। राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान के खिलाफ मंत्री बाबूलाल गौर ने उमा की पैरोकारी में भाजपा संसदीय बोर्ड से गुहार लगा दी है।

साथ ही, उत्तर प्रदेश में रालोद सांसद चौधरी अजित सिंह महिला आरक्षण बिल के सवाल पर चुप्पी साध ली है तो पंजाब में आईपीएल मैच को लेकर भाजपा सांसद नवजोत सिंह सिद्धू सुर्खियों में हैं। सबसे पहले बिहार। पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद लालू कहते हैं कि महंगाई की मार गरीबों से और नहीं सही जायेगी। तिसीऔता में महारूद्र यज्ञ में उन्होंने बिहार के गरीबों को जगाते हुए कहा कि गरीबों की सरकार सत्ता से बाहर है। जब तक वे सत्ता में रहे दाम नहीं बढ़े। तब से अब तक 800 लोग भूख से मर चुके हैं।गरीबी से तंग गरीब हथियार उठा रहे है। अब समय आ गया है जोर-जुल्म के खिलाफ उठ खड़े होने का। जेल जाना भी पड़ सकता है किंतु पांव पीछे खींचना नहीं है। महंगाई के विरोध में वे सबको साथ लेकर भारत बंद करेगे। सासाराम में लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने समाहरणालय में जिला निगरानी एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में कहा कि योजनाओं के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। लोगों को उसका अधिक से अधिक लाभ मिले, इसके लिए अधिकारियों को भी अपने तौर-तरीके बदलने होंगे। उन्होंने नरेगा, इंदिरा आवास, आईडब्लूडीपी, डीपीएपी, सम्पूर्ण स्वच्छता अभियान आदि योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने केन्द्र द्वारा दी जा रही राशि का सही तरीके से इस्तेमाल करने का निर्देश भी दिया। उधर, नवादा में भाजपा सांसद डा. भोला सिंह की माता तनुक देवी का निधन बेगुसराय में हो जाने से उनके आवास पर शोक का माहौल रहा। लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। मध्य प्रदेश में भी संसदीय गतिविधियां भिन्न सूचनाओं के साथ जारी रहीं। एक तरफ जबलपुर के भाजपा सांसद राकेश सिंह के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पर किए गए प्रदर्शन और तोड़फोड़ को लेकर हाईकोर्ट ने सांसद सहित अन्य को नोटिस जारी कर जवाब तलब कर लिया, दूसरी तरफ उमा मामले पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राष्ट्रीय महासचिव नरेन्द्र सिंह तोमर की मुलाकात के बाद राज्य नगरीय प्रशासन मंत्री बाबूलाल गौर ने दिल्ली में उनकी पार्टी में वापसी के मसले पर भाजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष लालकृष्ण आडवाणी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी से मुलाकात की। इसके अलावा वे एम. वेंकैया नायडू, शरद यादव आदि से भी मिले। उत्तर प्रदेश के मंडी धनौरा (जेपीनगर) में राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष एवं बागपत से सांसद चौधरी अजित सिंह का पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने जहां जोरदार स्वागत किया, वही आरक्षण बिल पर मीडिया क सवालों पर वह चुप्पी साध गए। उन्होंने सिर्फ इतना भर कहा कि पार्टी किसान हक की लड़ाई लड़ रही है। पंजाब में भाजपा सांसद सिद्धू की सुर्खियां तारी हैं। अमृतसर में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपने एक्सपर्ट कमेंट्स से टीवी चैनलों की 'टीआरपी' बढ़ाने वाले सिद्धू पर उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल भारी पड़ रहे हैं। गुरु नानक स्टेडियम में तीन मैचों में से एक का उद्घाटन सिद्धू को करना था, लेकिन उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने मैच का उद्घाटन कर दिया। उन्होंने कहा कि आईपीएल से ज्यादा हैं आईकेएल के दर्शक। दिल्ली में फर्रूखाबाद के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने समाजिक तथा पर्यावरण कार्यक्रमों में कारपोरेट जगत की भागीदारी पर जोर देते हुए कहा है कि हम सामाजिक दायित्व निभाने के लिए कंपनियों को प्रोत्साहित करने का एक मॉडल बनाना चाहते हैं। हमने इसके लिए उद्योगों तथा अन्य भागीदारों से सुझाव मांगे हैं।

No comments: