Tuesday, April 13, 2010

कांग्रेस पर चले राजग-सपा सांसदों के तीर


(sansadji.com)

दिल्ली में पूर्वमुख्यमंत्री द्वय लालू प्रसाद यादव, मुलायम यादव, लखनऊ में सपा अध्यक्ष एवं सांसद अखिलेश यादव और मैनपुरी में बदायूं के सांसद धर्मेंद्र ने महिला आरक्षण बिल के बहाने कांग्रेस, साथ ही बसपा पर भी निशाने साधे हैं। लालू-मुलायम का कहना है कि मुसलमानों का खैरख्वाह बनने वाली कांग्रेस ही उनके संसद का भविष्य रोकना चाहती है।
दिल्ली में जमीयत उलेमा-ए-हिंद के महिला रिजर्वेशन बिल पर हुए सम्मेलन में राजद सांसद-अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और सपा सांसद-अध्य मुलायम सिंह यादव ने एक साथ कांग्रेस को लक्ष्य किया। दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों ने कांग्रेस को मुसलमानों को ठगने वाला राजनीतिक दल करार दिया। साथ ही भाजपा से भी मुसलमानों को सावधान किया। दोनों नेताओं ने बिहार और उत्तर प्रदेश की सियासत को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। लालू ने कहा कि लोग आरोप लगाते हैं कि संसद में तीन यादव महिला बिल का विरोध कर रहे हैं, लेकिन वे यह नहीं बताते कि यादव पिछड़ों और दलितों के साथ मुसलमानों को भी उनका अधिकार दिलाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। हमारे अलावा कोई और बिल का विरोध करने का साहस नहीं कर पा रहा है। मुलायम ने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम का नाम लेते हुए कहा कि इस समाज में एक से बढ़कर एक काबिल लोग हैं, फिर भी सामाजिक और आर्थिक कारणों से मुसलमान पिछड़े हुए हैं। अभी भी संसद में मुसलमान सांसदों की संख्या उनकी आबादी के हिसाब से कम है। महिला बिल पास होने के बाद यह संख्या और कम हो जाएगी। कांग्रेस वैसे तो मुस्लिमों की बड़ी खैरख्वाह बनती है और उसी ने महिला आरक्षण बिल लाकर संसद से उनके सफाए की तैयारी कर रखी है।
लखनऊ में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सपा और पिछड़ी जातियों का स्वाभाविक संबंध है। इन समाजों का सम्मान सपा को ताकत पहुँचाने से ही सुरक्षित रहेगा। सपा को फिलहाल कांग्रेस और बसपा दोनों की सरकारों से जूझना पड़ रहा है। सपा को पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और गरीबों का समर्थन हासिल है, इसलिए उसे तोड़ने के लिए साजिशन मौजूदा स्वरूप में महिला आरक्षण बिल लाया गया है। सपा ने इसका पुरजोर विरोध कर पिछड़ों को उनका हक दिलाने की लंबी लड़ाई छेड़ी है क्योंकि पिछड़ों को बसपा-कांग्रेस-भाजपा सभी ने धोखा दिया है। मैनपुरी में बदायूं के सपा सांसद धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि सपा महिला आरक्षण की विरोधी नहीं, उसके वर्तमान प्रारूप की विरोधी है। सपा प्रदेश के बंटबारे का विरोध करती है। प्रदेश के छोटे-छोटे टुकडे़ हो जाने से नक्सलवाद जैसी समस्याएं पैदा होती हैं। केन्द्र सरकार महंगाई, विदेश नीति एवं आंतरिक सुरक्षा के मामले में पूर्णतया विफल साबित हो रही है। कांग्रेस ने महिला आरक्षण के द्वारा देश के पिछडे़, मुस्लिम, दलित वर्ग की महिलाओं को राजनीति से दूर करने की चेष्ठा की है। इससे कुछ चुनिंदा लाभ उठाकर देश की राजनीति पर हावी हो जायेंगे। इसलिये सपा राज्यसभा में पेश किये महिला आरक्षण के वर्तमान स्वरूप का विरोध कर उसमें पिछड़ी, मुस्लिम, दलित महिलाओं के लिये आरक्षण की मांग कर रही है।

No comments: