Monday, April 12, 2010

बसपा-कांग्रेस दोनों से लड़ रही सपाः अखिलेश


(sansadji.com)

सपा सांसद एवं पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव इन दिनो लगातार यूपी के जिलों में व्यस्त चल रहे हैं। कभी जौनपुर, कभी कांधला तो कभी कन्नौज-इटावा। जौनपुर में उन्होंने कहा कि अमर सिंह के जाने से हमारी पार्टी मजबूत हुई है। मुजफ्फरनगर के जसाला गांव में कहा कि महंगाई के लिए कांग्रेस-बसपा जिम्मेदार हैं।
उधर, सपा की एक अन्य सांसद उषा वर्मा हरदोई में अग्निपीडि़तों से मिलीं और उन्हें भरोसा दिलाया। अखिलेश ने जसाला में कहा कि सपा कांग्रेस और बसपा दोनों से लड़ रही है। महंगाई के लिए ये दोनों जिम्मेदार हैं। देश में आज जितनी महंगाई बढ़ी है, उतनी किसी भी पड़ोसी देश में नहीं बढ़ी। यह कांग्रेस की गलत नीतियों का परिणाम है। उत्तर प्रदेश की बसपा सरकार ने वैट लागू किया। इसका असर तीन फीसदी कर बढ़ने के रूप में सामने आया है। सपा महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन मौजूद महिला आरक्षण विधेयक में गरीब, पिछड़ी एवं अल्पसंख्यक महिलाओं के लिए भी आरक्षण का प्रावधान हो। महिलाओं को नौकरी व शिक्षा में आरक्षण दिया जाए। सपा महिलाओं के खिलाफ नहीं है। बल्कि सपा मौजूदा महिला आरक्षण विधेयक को स्वीकार नहीं करेगी। सपा सांसद ने कहा कि आंकड़े गवाह हैं आज देश के 14 प्रदेशों से कोई अल्पसंख्यक सांसद चुनकर नहीं आया। दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र जैसे राज्य इनमें प्रमुख हैं। प्रदेश सरकार आज हर विभाग में संगठित तरीके से पैसा वसूल रही है। जो, धन विकास कार्यो में लगना चाहिए, वह पत्थरों के स्मारकों पर खर्च किया जा रहा है। लखनऊ में दो हजार एकड़ में पत्थर की मूर्तियां लगा दी गई हैं। उधर, हरदोई में समाजवादी पार्टी की सांसद ऊषा वर्मा ने बावन विकास खंड के अम्टा गांव पहुंच कर अग्निपीड़ितों का हाल जाना और उन्हें ढांढस बंधाया। सांसद ने मांग की है कि अग्निपीड़ितों को 20 हजार रुपया प्रति बीघे के हिसाब से मुआवजा प्रदेश सरकार दें। अम्टा गांव में आग से एक किशोरी की मौत हो गयी थी और 43 किसानों की 200 बीघा फसल जल कर खाक हो गयी थी। सांसद ने पीडितों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

No comments: