Saturday, March 27, 2010

सांसद प्रभात झा हो सकते हैं म.प्र. भाजपाध्यक्ष



(sansadji.com)

भाजपा के 21 अप्रेल के राष्ट्रव्यापी आंदोलन के लिए मध्य प्रदेश प्रभारी सांसद नरेंद्र सिंह तोमर होंगे। लोकसभा में प्रतिपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने भोपाल पार्टी मुख्यालय में हुई एक बैठक में कहा कि भले ही प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर उस समय निवृत्तमान हो जाएं, लेकिन आंदोलन के प्रभारी वही रहेंगे। वर्तमान जिलाध्यक्षों को भी दिल्ली से लौटने तक पूरी जिम्मेदारी संभालनी होगी। अप्रेल के प्रथम सप्ताह तक प्रदेश के जिलों के चुनाव हो जाएंगे। नए जिलाध्यक्ष जिम्मेदारी संभालेंगे, लेकिन निवृत्तमान मुखिया नए पदाधिकारियों को पूरा सहयोग देंगे। यह आंदोलन पार्टी का अब तक का सबसे बड़ा प्रदर्शन होगा। बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय महासचिव नरेन्द्र सिंह तोमर और राष्ट्रीय महासचिव थावरचंद गेहलोत समेत पदाधिकारी व जिलों के नेता शामिल रहे। सांसद तोमर ने कहा कि तीन वर्ष के कार्यकाल में सभी ने सहयोग दिया। इस ऊर्जा को आगे भी संगठन में लगाते रहें। जनता की सेवा में सदैव जुटे रहें। भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री, प्रदेशाध्यक्ष और सांसद तोमर ने कहा कि पार्टी का अगला प्रदेशाध्यक्ष आगामी एक पखवाड़े के भीतर तय हो जाएगा। नया प्रदेशाध्यक्ष कौन होगा। जिसके नाम पर सर्वसम्मति बनेगी, उसे ही ये पद सौंपा जाएगा। प्रदेश में संगठन चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। निर्वाचन की समीक्षा हो चुकी है। मंडलों के चुनाव सर्वसम्मति से हो गये हैं और अब जिलों में निर्वाचन की प्रक्रिया चल रही है। जिलाध्यक्षों के चुनाव पांच अप्रैल तक पूरे हो जायेंगे। इसके एक हफ्ते के भीतर प्रदेशाध्यक्ष का चुनाव भी कर लिया जाएगा। नये प्रदेशाध्यक्ष के बारे में पार्टी को निर्णय लेना है। भाजपा में आने के लिए उमा भारती को खुद निर्णय लेना है। पार्टी के पास उनके भाजपा में आने संबंधी कोई प्रस्ताव नहीं है और न ही किसी भी स्तर पर अभी इस मामले में विचार हो रहा है। नए अध्यक्ष को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा सांसद प्रभात झा की चल रही है। मुख्यमंत्री से सांसद सुमित्रा महाजन का मिलना भी पदाधिकारियों की जुबां पर है। पार्टी में नये अध्यक्ष को लेकर जोड़-तोड़ जारी है। प्रभात झा के साथ अनिल माधव दबे और भूपेन्द्र सिंह का नाम चर्चाओं में है। इनमें भूपेन्द्र सिंह को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की पसंद माना जा रहा है। इस बीच सुमित्रा महाजन ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान,संगठन महामंत्री माखन सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों से भेंट कर राजनीतिक माहौल गर्मा दिया है। सूत्र बताते हैं कि सुमित्रा ने सुझाव दिया है कि पार्टी की कमान किसी महिला के हाथ में दी जाए। उन्होंने अपनी राय से पार्टी के शीर्ष नेताओं को भी अवगत कराया है। इसके बाद से महिला दावेदारों के नाम भी सामने आने लगे हैं। इनमें खुद ताई के अलावा सांसद माया सिंह का नाम प्रमुख है। दोनों नेत्रियां वरिष्ठ होने के साथ राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं। प्रदेश के नेता हालांकि इस बात से ज्यादा इत्तेफाक नहीं रखते कि प्रदेश की कमान किसी महिला के हाथ में जायेगी। सूत्रों की मानें तो अध्यक्ष पद उसी को मिलेगा जो नागपुर से अपने नाम पर मुहर लगवा लेगा। लोकसभा चुनाव में मिली पराजय के बाद पार्टी में संघ का दखल बढ़ा है और नितिन गडकरी संघ के आर्शीवाद से ही नये मुखिया बने हैं। प्रदेश में पार्टी का संगठन देश में सबसे मजबूत है। लिहाजा यहां के प्रदेशाध्यक्ष पद पर राष्ट्रीय नेताओं की भी निगाहें लगी हैं। प्रभात झा के साथ संघ का आर्शीवाद होने के कारण ही उनका दावा ज्यादा मजबूत माना जा रहा है।

No comments: