Friday, March 26, 2010

सांसद सुषमा के रात्रिभोज में राजनीति



(sansadji.com)

संसद में छुट्टी चल रही है, बाहर रात्रिभोजों का सिलसिला जारी है। अब भोपाल में सुषमा स्वराज का रात्रि भोज। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा महासचिव नरेन्द्र सिंह तोमर व भाजपा विधायकों के साथ-साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी व पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष हरवंश सिंह भी रात्रिभोज में पहुंचे। साथ में कांग्रेस विधायक भी बड़ी संख्या। उधर, सुषमा की अगवानी के साथ ही भावी प्रदेश भाजपाध्यक्ष की चर्चाएं भी गर्म हैं।
अपने निवास पर सुषमा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राष्ट्रीय महासचिव नरेन्द्र सिंह तोमर (वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष) से अलग-अलग बात भी की। सुषमा ने रात्रि भोज पर मुख्यमंत्री समेत सभी विधायक व जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री से उनकी बात हुई। इससे पहले शाम ढलते ही तोमर ने उनके निवास पर जाकर भेंट की। उधर पार्टी मुख्यालय में प्रदेश उपाध्यक्ष व सांसद अनिल माधव दवे ने तोमर से अकेले लंबी चर्चा की। इस चर्चा को भी वर्तमान में बन रहे नए समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, जिला चुनाव अधिकारियों व पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आज हो रही है। इसमें संगठन चुनावों के साथ-साथ महंगाई पर 21 अप्रेल के दिल्ली के प्रदर्शन की भी बात हो रही है। इसमें राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर शामिल हो रहे हैं। आज ही पार्टी मुख्यालय में भाजपा अनुसूचित जाति की बैठक भी हो रही है। इसमें राष्ट्रीय महासचिव थावरचंद गहलोत की मौजूदगी उल्लेखनीय है। सहभोज के बाद संवाददाताओं के सवाल पर सांसद सुमित्रा महाजन के अलावा सुषमा ने भी प्रदेश में महिला मुखिया के लिए विकल्प खुला होने की बात कही। यद्यपि सुषमा ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के संबंध में मुख्यमंत्री से अभी बात नहीं हुई है। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि पहली बार ऎसा हुआ है, जब जनहित के मुद्दों पर संसद में पूरा विपक्ष एकजुट हो रहा है। महंगाई का मामला हो या फिर न्यूक्लियर बिल का, सभी एकस्वर से इसका विरोध कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने संसद में "फ्लोर कम्यूनिकेशन" का रास्ता अपनाया है। लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक रखे जाने के प्रश्न पर सुषमा ने कहा कि सर्वदलीय बैठक के बाद जो भी बात बाहर निकल कर आएगी, उससे पार्टी के सांसदों को अवगत कराया जाएगा। इसके बाद पार्टी व्हिप जारी होगा। इस बिल को लेकर पार्टी में सभी एकमत रहेंगे।

No comments: