Monday, April 19, 2010

चल पड़ी है संसद घेरने भाजपा की भारी भीड़


sansadji.com

भाजपा की मंहगाई विरोधी रैली के खिलाफ आज से ही देश भर से पार्टी कार्यकर्ता रवाना होने लगे हैं। 21 अप्रैल को राजधानी दिल्ली में भारी गहमागहमी होगी। भाजपा ने 25 लाख लोगों के रैली में भाग लेने की उम्मीद जता रखी है। ये लोग संसद का घेराव करेंगे। देश के कोने-कोने से आज भाजपा कार्यकर्ता रवाना होने लगे हैं। पार्टी का पूरा ध्यान रैली पर जा टिका है।
पार्टी ने देश के प्रमुख औद्योगिक नगर जमशेदपुर और नई दिल्ली के बीच एक विशेष रेलगाडी़ का परिचालन करवा दिया हैं। भाजपा ने इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को शामिल करने के लिए ऐसा किया हैं। दक्षिण पूर्व रेलवे सूत्रों ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया है कि कुल 18 बोगियों 12 स्लीपर एक एसी थ्री टियर दो एसएलआर और तीन जेनरल डिब्बों वाली टाटानगर दिल्ली बीजेपी स्पेशल ट्रेन आज दोपहर दो बज कर दस मिनट पर रवाना होंगी। इसे केवल कुछ ही स्टेशनों पर ही रोका जाएगा। इसके लिए जरूरी भुगतान कर दिया गया हैं। इस ट्रेन में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तथा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं स्थानीय लोकसभा सांसद अर्जन मुंडा के नेतृत्व में जमशेदपुर तथा आसपास के क्षेत्रों के लगभग दो हजार कार्यकर्ता और पदाधिकारी दिल्ली आ रहे हैं। भाजपा और झारखंड मुक्ति मोर्चा(झामुमो) के संयुक्त शासन वाले झारखंड से लगभग 11 हजार कार्यकर्ता उक्त कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके लिए कई अन्य ट्रेनों में भी बडे़ पैमाने पर सीटें आरक्षित कराई गई हैं। उधर, राजस्थान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने कहा है कि 21 अप्रैल को संसद का घेराव किया जाएगा, जहां जनता के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन राष्ट्रपति को सौंपे जाएंगे। शिव क्षेत्र से सैकड़ों कार्यकर्ता 20 अप्रैल को निजी वाहनों से दिल्ली कूच कर रहे हैं। पंजाब भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा है कि राज्य के २० हजार कार्यकर्ता दिल्ली रैली में शामिल होंगे। बिहार में प्रखंड स्तर तक प्रचार अभियान के बाद कार्यकर्ता आज से दिल्ली की ओर रवाना हो रहे हैं। मध्य प्रदेश में भी पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने एवं वापसी के लिए 18 कोच की ट्रेन बुक की हैं। इसके लिए 9 लाख रुपए रेलवे बोर्ड को जमा कराए जा चुके है, जबकि रेलवे बोर्ड इतनी ही राशि और मांग रहा है। यह ट्रेन 20 अप्रैल को ग्वालियर से रात्रि 9 बजे रवाना होगी। इसमें ग्वालियर और मुरैना जिलों के कार्यकर्ताओं को ले जाया जाएगा। उत्तर प्रदेश से पार्टी के वरिष्ठ नेता, उपाध्यक्ष और सांसद कलराज मिश्र ने कहा है कि सबसे ज्यादा संख्या में इस स्टेट से पार्टी कार्यकर्ता आज से दिल्ली पहुंचने लगेंगे। इसी तरह महाराष्ट्र, जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, कर्नाटक, उड़ीसा और तमिलनाडु से भी बड़ी संख्या में आज से कार्यकर्ता रवाना हो रहे हैं।

No comments: