Thursday, April 1, 2010

संसद के पड़ोस में प्रथम नागरिक के घर से शुरू हुई देश की 15वीं जनगणना


(sansadji.com)

संसद भवन की बगल में राष्ट्रपति भवन से आज सबसे पहले राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील का विवरण दर्ज करने के साथ देश के नागरिकों की 15वीं राष्ट्रीय जनगणना शुरू हुई। इस मौके पर केंद्रीय गृहमंत्री पी. चिदंबरम आदि सुबह राष्ट्रपति भवन पहुंचे और गणना की प्रतीकात्मक शुरूआत की गई। राष्ट्रपति ने कहा कि मेरा नाम प्रतिभा देवीसिंह पाटिल है और मेरा स्थायी पता जलगांव, महाराष्ट्र है। देश की प्रथम नागरिक होने के नाते पाटिल ने जनगणना फॉर्म पर दस्तखत किए और देशवासियों से इस प्रकिया में पूरे मन से सहयोग करने का आह्वान किया। इसके बाद चिदंबरम की अगुवाई में अधिकारी उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के आवास पर गए और उनका तथा उनके परिवार का विवरण दर्ज किया। चिदंबरम ने बताया कि इस व्यापक अभियान की प्रतीकात्मक शुरूआत के लिए हमने अभी राष्ट्रपति का विवरण दर्ज किया है। हम 1.2 अरब लोगों को पहचान पत्र जारी करेंगे। यह जनगणना, पिछले दशक में देश की प्रगति की समीक्षा करने का, जारी सरकारी योजनाओं की निगरानी करने का और भविष्य की योजना तैयार करने का आधार होगी। इसीलिए जनगणना 2011 के लिए "हमारी जनगणना, हमारा भविष्य" जैसा नारा दिया गया है। जनगणना प्रक्रिया के तहत घर-घर जाकर लोगों से प्रश्न पूछे जाएंगे और जनगणना फॉर्म भरवाएं जाएंगे और इस तरह विस्तृत जानकारियां जुटाई जाएंगी। जुटाए गए इन आंकड़ों को राज्य की स्थानीय भाषा में तथा अंग्रेजी भाषा में कंप्यूटर में उतारा जाएगा। इस तरह का डाटाबेस तैयार हो जाने के बाद 15 वर्ष और उससे अधिक की उम्र वाले सभी व्यक्तियों के छाया चित्र, 10 अंगुलियों के निशान और आंखों की पुतलियों के बारे में जानकारी शामिल की जाएगी। प्रत्येक घर के लिए दो फॉर्म भरे जाएंगे। पहला फार्म घर सूचीकरण और आवासीय गणना से संबंधित होगा। इसमें 35 प्रश्न होंगे, जो इमारती सामग्री, घरों के उपयोग, पेयजल, शौचालय के प्रकार और उनकी उपलब्धता, बिजली, संपत्ति का अधिकार आदि से संबंधित होंगे। दूसरा फार्म राष्ट्रीय आबादी रजिस्टर से संबंधित होगा।

1 comment:

संगीता पुरी said...

जानकारी के लिए आभार !!