Thursday, April 1, 2010

सांसद ललन के फिर बागी बोल


(sansadji.com)

जदयू के सांसद एवं पूर्व बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ललन का कहना है कि बंद्योपाध्याय कमेटी की रिपोर्ट बिहार में गृह युद्ध की स्थिति उत्पन्न करेगी। जैसे अन्य आयोग की अनुशंसाओं को सरकार ने रद कर दिया है, ठीक उसी तरह बंद्योपाध्याय कमेटी की अनुशंसा को मुख्यमंत्री रद करें। गांव-गांव में इसकी वजह से विद्वेष की स्थिति उत्पन्न हो रही है। जदयू प्रदेश अध्यक्ष के नाते विधानसभा उप चुनाव के समय ही मैंने मुख्यमंत्री को यह कहा था कि बंद्योपाध्याय कमेटी की रिपोर्ट खतरनाक है। वैसे मेरा यह दायित्व है कि सच को जनता के समक्ष में रखूं। अंततोगत्वा जनता को फैसला करना है। ललन सांसद किसान महापंचायत तैयारी समिति की ओर से शंभुशरण श्रीवास्तव के आवास पर दिग्विजय सिंह, पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अखिलेश सिंह, सांसद, जगदीश शर्मा, पूर्व मंत्री नागमणि, बागी कुमार वर्मा, विधायक किशोर कुमार मुन्ना, बिजेंद्र चौधरी व शंभुशरण श्रीवास्तव के साथ संबोधित कर रहे थे। समिति के तत्वावधान में 2 मई को गांधी मैदान में बंद्योपाध्यय कमेटी की रिपोर्ट के खिलाफ किसान रैली का आयोजन किया जा रहा है। सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि बंद्योपाध्याय कमेटी की अनुशंसा के संबंध में विधान परिषद में मुख्यमंत्री का जो वक्तव्य आया है वह संशय की स्थिति उत्पन्न करता है। बिहार के किसान परेशान हैं। सांसद ललन सिंह ने कहा कि राज्य हित में जो कदम हमें उठाना होगा वह हम उठाएंगे। किसानों के हित में यह जुटान पार्टी लाइन से अलग है। पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह ने कहा कि बिहार में कलियुगी गांधी की सरकार चल रही है। हमारा मुखिया जब तानाशाह हो गया तब हमें जनता के बीच आना पड़ा है। रैली की तैयारी के लिए ललन सिंह को मुंगेर, लखीसराय, भागलपुर, खगड़िया व शेखपुरा का जिम्मेदारी दी गयी है। ललन सिंह कहते हैं कि मेरी सच बात पार्टी के कुछ लोगों को बगावत जैसी लगती है तो वे मुझे बागी समझ लें, लेकिन मैं अपनी बात पर अब अटल हूं।

1 comment:

Jandunia said...

जानकारी के लिए धन्यवाद।