Saturday, April 3, 2010

सांसद राजनाथ सिंह ने परमाणु डील के बहाने कांग्रेस पर निशाना साधा


(sansadji.com)

कानपुर में आज शाम गाजियाबाद से भाजपा सांसद एवं पूर्व पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह सचिन तेंडुलकर द्वार के उद्घाटन समारोह में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने परमाणु डील के बहाने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब अमेरिका के साथ भारत न्यूक्लियर डील कर रहा था तब भारतीय जनता पार्टी ने डील के सभी बिन्दुओं पर कड़ा ऐतराज जताया था। भाजपा ने आशंका जताई थी कि यह समझौता अमेरिका के दबाव में किया जा रहा है। हमारी इस आशंका की पुष्टि हो चुकी है। भारत सरकार ने अमेरिका के साथ जिस परमाणु समझौता (सिविल लायबेल्टी फॉर न्यूक्लियर डैमेज बिल) पर हस्ताक्षर किया है, उसके अनुसार होने वाले नुकसान की पूरी भरपाई भारत को ही करनी होगी। समझौते के अनुसार परमाणु सयंत्रो में काफी उपकणों की आपूर्ति अमेरिकी कम्पनियों को ही करनी है, तो नुकसान में भी उनकी हिस्सेदारी होनी चाहिए। क्योंकि रिडियोधर्मिता से दो सौ या चार सौ करोड़ का नुकसान नहीं होता है यह नुकसान कई हजार करोड़ में भी हो सकता है इस सम्बंध में कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। इसलिए भाजपा इस मौजूदा बिल को सिरे नकारती है।
उल्लेखनीय है कि कानपुर शहर की जनता की तरफ से कानपुर नगर निगम ने यहां मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर के सम्मान में गुलाबी संगमरमर के पत्थरों से भव्य द्वार बनवाया है। द्वार का नाम सचिन रमेश तेंडुलकर सर्वधर्म द्वार रखा गया है। पूर्व भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद राजनाथ सिंह ने आज शाम इस द्वार के उद्घाटन समारोह में सम्मिलित हुए। इस प्रोग्राम में आतिथ्य को लेकर पिछले कुछ दिनों से भाजपा में घमासान मचा हुआ था। कानपुर शहर की काल्पी रोड से दर्शनपुरवा को जोड़ने वाले रास्ते पर बने सचिन रमेश तेंडुलकर द्वार के संबंध में नगर निगम के मेयर पाटनी का कहना है कि सचिन के नाम का यह द्वार 25 फिट ऊंचा और 25 फिट चौड़ा है तथा इसे विशेष गुलाबी रंग के संगमरमर के पत्थरों से बनाया गया है। इसकी लागत करीब दस लाख रूपए आई है। यह सारा पैसा नगर निगम कोटे से लगाया गया है। कार्यक्रम संयोजक पूर्व पार्षद आशुमेन्द्र प्रताप सिंह हैं। वह कहते हैं कि राष्ट्रीय एकता और सद्भावना के प्रतीक द्वार के लोकार्पण समारोह में चिकित्सा, शिक्षा आदि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 विशिष्ट जनों को सम्मानित किया जा रहा है। समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव थावर चंद्र गहलोत और विशिष्ट अतिथि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी हैं, जबकि महापौर रवीन्द्र पाटनी अध्यक्षता कर रहे हैं। उद्घाटन सांसद राजनाथ सिंह कर रहे हैं। सचिन रमेश तेंदुलकर सर्वधर्म द्वारा का लोकार्पण करने के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह विशिष्ट जनों का सम्मान भी कर रहे हैं। कार्यक्रम के मुखिया को लेकर नगर भाजपाइयों में घमासान चला। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हो रहे हैं, लेकिन इस कार्यक्रम का मुखिया पूर्व पार्षद अंशुमेन्द्र प्रताप सिंह को बनाए जाने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। विरोधियों का आरोप था कि पूर्व पार्षद हमेशा दलों को बदलते रहते हैं। इनका कांग्रेस व सपा से भी जुड़ाव रहा है और छोटा भाई इस समय कांग्रेस में है। विरोधियों का कहना है कि महापौर को पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष को बुलाना था तो पहले पार्टी की उत्तर और दक्षिण इकाई से सलाह करनी चाहिए थी। ऐसा न करने से पार्टी के अन्दर गुटबाजी को बढ़ावा मिलेगा जो कि पार्टी के लिए ठीक नहीं है।

No comments: