Thursday, April 1, 2010

सपा की 'कंगाली' पर खबर गर्म!


(sansadji.com)

समाजवादी पार्टी का खजाना खाली होने की बात मीडिया ने उछाल दी है। खबर को 'अप्रैल फूल' भी मान लें, तो उसके भीतर रेंगती बाकी सूचनाएं यकीन करने को विवश करती हैं। सूचनाएं पार्टी अध्यक्ष एवं मैनपुरी से सांसद मुलायम सिंह यादव का नाम लेते हुए प्रसारित की गई हैं। खबर में कहा गया है कि " उत्तर प्रदेश में जहां सत्तारूढ़ बसपा में नोट बरस रहे हैं वहीं समाजवादी पार्टी की आर्थिक हालत अमर सिंह के निकाले जाने के बाद से बिगड़ती जा रही है। पार्टी ने अगला विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों से आवेदन के साथ दस-दस हजार रुपए मांगे हैं। यह भी साफ कर दिया है कि टिकट न मिलने की स्थिति में यह राशि लौटाई नहीं जाएगी। जानकारों के अनुसार ऐसा पहली बार हो रहा है। इसे पार्टी फंड में राशि जमा करने का तरीका माना जा रहा है। सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने सभी जिलाध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं को इस संबंध में पत्र भेजे हैं। सूत्रों के अनुसार उन्होंने लिखा है कि 2012 में होने वाले विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक लोग 30 अप्रैल तक अपना आवेदन भेज दें। साथ में दस हजार रुपए की राशि भी जमा करवाएं। टिकट न मिलने की स्थिति में यह राशि वापस नहीं की जाएगी। सपा में चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों से पहली बार ऐसी फीस मांगी जा रही है। पार्टी के कुछ कर्मठ कार्यकर्ता व विधायकों ने इस पर आश्चर्य जताया है। उनका कहना है कि जब तक अमर सिंह पार्टी से जुड़े रहे ऐसा संकट कभी नहीं आया। अब तक सपा मुख्यमंत्री मायावती द्वारा प्रत्याशियों से पैसे लेने का विरोध करती रही है, लेकिन अब खुद उसी लाइन पर चल पड़ी है। पार्टी ने एक फार्म भी छपवाया है जिसमें इच्छुक आवेदकों को अपना पूरा ब्यौरा देना होगा, राजनीति में बिताए वर्ष और पार्टी के लिए किए गए कामों की भी जानकारी देनी होगी। "

No comments: