Sunday, May 2, 2010

अब सांसद जसवंत सिंह के जल्द भाजपा में लौटने की चर्चाएं


sansadji.com
भारतीय जनता पार्टी में आने-जाने की चर्चाएं थमी नहीं हैं। पहले कई हफ्ते तक उमा भारती को लेकर सुर्खियां बनती-बिगड़ती रहीं। फिर गोविंदाचार्य और सांसद कल्याण सिंह चर्चाओं में रहे। अब जसवंत सिंह के संबंध में ऐसी ही सूचनाएं उड़ चली हैं। कहा जा रहा है कि वह जल्द ही भाजपा में लौट रहे हैं। बस ऐलान भर होना बाकी है।
जसवंत सिंह पार्टी के नीति निर्धारक शीर्ष नेताओं में से एक रहे हैं। लगभग साल भर पूर्व जिन्ना पर किताब लिखकर 'आ बैल मुझे मार' वाली आफत उन्होंने मोल ले ली थी। तभी मीडिया की चमक-दमक से भी वह फिसल गए हैं। कहीं कोई नाम चर्चा नहीं। अब कहा जा रहा है कि उनकी भाजपा में सशर्त वापसी तय हो गई है। सिर्फ औपचारिक घोषणा होनी भर बाकी है। वह काफी समय से वापसी को लेकर बेचैन बताए जाते हैं। इस बीच उन्होंने भाजपा के कई बड़े ओहदेदारों से लगातार मुलाकातें की हैं। हाल ही में वह सपरिवार पाकिस्तान भी हो आए हैं। जिन्ना समर्थक किताब (‘जिन्‍ना: इंडिया-पार्टीशन-इंडिपेंडेंस’) लिखने के नाते पाकिस्तान में उनका प्रकाशनोत्सव हो चुका है। जब वह पाकिस्तान से लौटे, तब से वरिष्ठ भाजपा नेताओं से मेल-जोल और तेज कर दिया है। वह चाहते हैं कि पार्टी में उन्हें जोशीले तरीके से बुलाया जाए। चुनौतियों को देखते हुए गडकरी लॉबी इसके लिए तैयार भी बताई जाती है। कहा जा रहा है कि स्वयं भाजपा अध्यक्ष उनकी वापसी की घोषणा करने वाले हैं। देखिए, घोषणा कब तक होती है। उमा भारती के लौटने की घोषणा तो आज तक हुई नहीं। उसी पिनक में गोविंदाचार्य ने पार्टी पर कई करारे सवाल भी दे मारे हैं!

No comments: