Saturday, May 8, 2010

झारखंड में भाजपा सरकार


sansadji.com

झारखंड में पिछले एक पखवाड़े से जारी गतिरोध को समाप्त करते हुए झामुमो और आजसु ने शेष साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल के लिए आज राज्य में भाजपा के नेतृत्व में सरकार को समर्थन देने की घोषणा की। इस आशय के निर्णय पर आज भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी, पार्टी महासचिव अनंत कुमार, झारखंड के उपमुख्यमंत्री रघुवर दास, झामुमो विधायक दल के नेता हेमंत सोरेन और आजसु के अध्यक्ष सुदेश महतो के बीच हुई बैठक के दौरान सहमति बनी। सोमवार को भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री के नाम को अंतिम रूप दिया जायेगा। झारखंड में झामुमो विधायक दल के नेता हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा नेताओं के साथ हमारी लाभप्रद चर्चा हुई। हम भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार का झारखंड में समर्थन करेंगे। राज्य को राष्ट्रपति शासन से बचाने के लिए यह निर्णय किया गया है। भाजपा महासचिव अनंत कुमार ने जोर देकर कहा कि बातचीत खुशनुमा माहौल में समाप्त हुई। झारखंड में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार का गठन होगा। हम राज्य को कांग्रेस के कुशासन से बचाना चाहते हैं। राज्य के विकास को ध्यान में रखने वाली एक स्थायी सरकार का गठन होगा। हमने निर्णय किया है कि सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। यह निर्णय विधानसभा की पूरी अवधि के लिए किया गया है। इस संदर्भ में एक साझा न्यूनतम कार्यक्रम को शीघ्र अंतिम रूप दिया जायेगा। इस मामले में गडकरी एक पर्यवेक्षक को रांची भेज रहे हैं।

सांसद प्रभात झा मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष निर्वाचित
राज्यसभा सदस्य प्रभात झा को मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी का निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं म.प्र भाजपा चुनाव पर्यवेक्षक कलराज मिश्र ने भोपाल में झा के निर्वाचन की घोषणा की। मिश्रा ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिये एक मात्र प्रभात झा का नामांकन ही प्राप्त हुआ था। झा की ओर से नामांकन पत्र के चार सेट प्राप्त हुए जिनमें प्रत्येक सेट में दस-दस सदस्यों द्वारा उनके नाम का समर्थन किया गया था। उनके समर्थकों में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा वयोवृद्ध नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा शामिल हैं। मिश्रा ने झा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा करते हुए बताया कि इसके अलावा राष्ट्रीय परिषद के 29 सदस्यों के लिये 31 नामांकन पत्र भी प्राप्त हुए जिनकी छानबीन का काम जारी है तथा इनके निर्वाचन की घोषणा भी आज ही कर दी जायेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी, सुंदरलाल पटवा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री विक्रम वर्मा, प्रहलाद पटेल, निवर्तमान अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, नरोत्तम मिश्र, अनूप मिश्रा, अजय विश्नोई सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

No comments: