Saturday, March 20, 2010

जावेद समेत 10 राज्यसभा सांसद बने



(सांसदजी.कॉम sansadji.com)
दस लोगों में से पांच गीतकार जावेद अख्तर, राजनेता मणिशंकर अय्यर, भालचंद्र मुंगेकर, बी जयश्री, रामदयाल मुंडा को राष्ट्रपति मनोनीत किया है, जबकि अन्य पांच सुखदेव सिंह ढींडसा, नरेश गुजराल, मनोहर सिंह गिल, अश्विनी कुमार, अविनाश राय खन्ना पंजाब कोटे से निर्वाचित हुए हैं। जावेद अख्तर ने कहा है कि वे राजनीति को समझने की कोशिश करेंगे। यह उनके लिए बेहद गौरव की बात है कि वे देश के काम आ सके। भाजपा ने मणिशंकर के मनोनयन का विरोध किया है। पंजाब से पांच राज्यसभा सदस्य चुने गए हैं। इनमें सुखदेव सिंह ढींडसा व नरेश गुजराल शिरोमणि अकाली दल से, मनोहर सिंह गिल व अश्विनी कुमार कांग्रेस से और अविनाश राय खन्ना भाजपा से संबंधित हैं। इनका चयन बिना वोटिंग के हुआ। शुक्रवार को नामंकन वापसी की अंतिम तारीख पर ही पंजाब विधानसभा के सचिव वेद प्रकाश ने इनकी राज्यसभा सदस्यता घोषित कर दी। इस अवसर पर प्रदेश की मुख्य चुनाव अधिकारी कुसुमजीत सिद्धू, कैबिनेट मंत्री परमिंदर सिंह ढींडसा, डा. दलजीत सिंह चीमा एवं एसजीपीसी के पूर्व अध्यक्ष कृपाल सिंह बडूंगर भी उपस्थित थे। चुने गए सदस्यों में पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी कुमार लगातार तीसरी बार, वर्तमान केंद्रीय खेल मंत्री मनोहर सिंह गिल दूसरी बार और नरेश गुजराल भी दूसरी बार राज्यसभा पहुंचे हैं। नरेश गुजराल पूर्व प्रधानमंत्री इंदर कुमार गुजराल के पुत्र हैं। दो सीटें कांग्रेस के धर्मपाल सभ्रवाल और अकाली दल के वरिंदर सिंह बाजवा से रिक्त हो रही हैं। इनकी जगहअकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखदेव सिंह ढींडसा और पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना ने ली है। ढींडसा संगरूर से युवा कांग्रेसी सांसद विजय इंदर सिंगला से लोकसभा चुनाव हार गए थे और वह भी दूसरी बार राज्यसभा में प्रवेश करेंगे। इससे पहले शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष व चर्चित अकाली नेता सिमरनजीत सिंह मान से चुनाव हार जाने के बाद अकाली दल ने ढींडसा को राज्यसभा में भेजा था, जबकि अविनाश राय खन्ना का लोकसभा क्षेत्र होशियारपुर परिसीमन के कारण आरक्षित हो गया था, जिसके चलते वह चुनाव नहीं लड़ सके थे। आगामी जुलाई में पंजाब से दो अन्य राज्यसभा सदस्यों की टर्म पूरी होने जा रही है, जिनमें कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री अंबिका सोनी और अकाली नेता राज मोहिंदर सिंह मजीठा हैं।